
आम जन हेतु बैलगाड़ी स्पीड न्याय, ख़ास जन हेतु बुलेट स्पीड न्याय
भारत में जब कोई किसान अपनी ज़मीन बचाने की लड़ाई लड़ता है, तो बीस तीस साल तक कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटते-काटते उसकी कमर झुक जाती है। जब कोई बेरोज़गार भर्ती घोटाले पर आवाज़ उठाता है, तो दशकों तक जांच फाइलों में सोई रहती है। लेकिन जैसे ही नाम जुड़ता है अंबानी से, न्याय की सुस्त बैलगाड़ी अचानक जापानी बुलेट ट्रेन बन जाती है!
आंकड़ों की जादूगरी
25 अगस्त → SIT का गठन, 12 सितंबर → SIT रिपोर्ट तैयार, 15 सितंबर → सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट। कुल मिलाकर 21 दिन में पूरी जांच, सुनवाई और फैसला निपटा दिया गया। वाह! ऐसा न्याय तो रामराज्य में भी नहीं मिला होगा।
- बैलगाड़ी बनाम बुलेट ट्रेन। गरीब के लिए न्याय – तारीख पर तारीख। अमीर के लिए न्याय – टाटा-बाय-बाय, सब फटाफट!
- गोपनीयता की चादर। सरकार खुद कोर्ट में कहती है – रिपोर्ट सार्वजनिक मत कीजिए। अरे भाई, अगर सब दूध का दूध और पानी का पानी है, तो जनता को क्यों नहीं दिखाते? या फिर डर है कि “साफ-सुथरी” रिपोर्ट के धब्बे बाहर झलक जाएंगे?
- सवालों का पहाड़। जब एक RTI का जवाब देने में 30 दिन लगते हैं, तो इतनी बड़ी जांच 21 दिन में कैसे निपट गई?
SIT क्या ‘चमत्कारी संत’ थी, जिसने फाइलों को उड़न छू कर दिया?
न्याय की मशीनरी के दो गियर
● स्लो मोशन – आम जनता, किसान, मजदूर, छात्र के लिए।
● सुपरफास्ट मोशन – अंबानी-अडानी जैसे दोस्तों के लिए।
कानून वही है अदालत वही है, लेकिन फैसलों की गति आपकी जेब और पहुंच पर निर्भर करती है। अब भारत में न्याय संविधान से नहीं, बल्कि नेटवर्क और नोटवर्क से चलता है। बुलेट ट्रेन वाली यह जांच यही साबित करती है कि… देश के आम नागरिक के लिए न्याय का रास्ता दलदल है, और उद्योगपतियों के लिए रेड कार्पेट।
अगर आपके पास पैसा और सत्ता है, तो कोर्ट भी आपके लिए एक्सप्रेसवे है। वरना… लाइन में खड़े रहिए, तारीखें गिनते रहिए और उम्मीद करते रहिए कि शायद कभी बैलगाड़ी भी बुलेट ट्रेन बन जाए।
क्या है वनतारा
वनतारा, अनंत अंबानी द्वारा संचालित एक विशाल पशु-कल्याण परियोजना है, जो भारत में दुनिया के सबसे बड़े जंगली जानवरों के बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्रों में से एक है। गुजरात के जामनगर में स्थित इस 3,500 एकड़ के केंद्र में हाथियों, शेरों और अन्य प्रजातियों सहित विभिन्न प्रकार के जानवर हैं। इसने हाल ही में एक एसआईटी जांच में सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी हासिल की है और ‘प्राणी मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार’ भी जीता है, जो इसे भारत का सर्वोच्च पशु कल्याण सम्मान है।
वनतारा विवाद
रिलायंस के वंतारा वन्यजीव बचाव केंद्र को सुप्रीम कोर्ट ने एक विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट के आधार पर क्लीन चिट दे दी है, जिसमें वंतारा में जानवरों की खरीद-बिक्री और रखरखाव में कोई भी गैरकानूनी गतिविधि नहीं पाई गई। यह विवाद जैन मठ से एक हथनी को वंतारा में स्थानांतरित करने के बाद उठा था, जिसके बाद विभिन्न संगठनों ने वंतारा पर वन्यजीवों की तस्करी और नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए थे। सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी शिकायतों को खारिज कर दिया है और भविष्य में ऐसे किसी भी मुकदमे पर रोक लगा दी है।
विवाद की शुरुआत
कोल्हापुर के एक जैन मठ से हथनी ‘माधुरी’ को वंतारा लाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। इस घटना के बाद कई वन्यजीव संगठनों और कार्यकर्ताओं ने वंतारा पर गंभीर आरोप लगाए, जिनमें जानवरों की तस्करी, अवैध खरीद-बिक्री, और पशुओं की उचित देखभाल न करने के आरोप शामिल थे।
सुप्रीम कोर्ट का हस्तक्षेप
इन आरोपों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया, जिसका नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस जे. चेलमेश्वर ने किया। एसआईटी ने वंतारा में जानवरों की खरीद-बिक्री और उनके रखरखाव की कानूनी और नैतिक मानकों के तहत जांच की।
जांच रिपोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का फैसला
एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंपी, जिसमें पाया गया कि वंतारा द्वारा अपनाए गए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, चिड़ियाघर नियमों, और आयात-निर्यात कानूनों का पूरी तरह से पालन किया गया है। जांच में जानवरों की खरीद-बिक्री, उनके रखरखाव, वित्तीय अनुपालन या किसी भी अन्य संबंधित मामले में किसी भी अनियमितता या उल्लंघन का कोई सबूत नहीं मिला।
सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया और वंतारा के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं और शिकायतों को खारिज कर दिया। कोर्ट ने यह भी कहा कि इस तरह की अटकलों पर आधारित याचिकाओं पर दोबारा विचार नहीं किया जाएगा।