
विधायक रीतलाल यादव के घर छापा, भारी संख्या में पुलिस तैनात, क्या है मामला ?
विधायक रीतलाल यादव के ठिकानों प शुक्रवार (11 अप्रैल) को छापेमारी की गई। आरजेडी विधायक रीतलाल यादव के दानापुर स्थित आवास के बाहर कई थानों की पुलिस के साथ एसटीएफ भी मौजूद रही। छापेमारी के दौरान सिटी एसपी, दानापुर एएसपी के अलावा पटना के एसएसपी अवकाश कुमार भी पहुंचे थे। विधायक रीतलाल यादव के घर के बाहर करीब 200 की संख्या में पुलिस और फोर्स को तैनात किया गया था। कोर्ट के आदेश पर टीम छापेमारी करने के लिए पहुंची थी।

सिटी एसपी ने क्या कहा?
सिटी एसपी पश्चिमी शरत आरएस ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधायक रीतलाल यादव और उनके कुछ साथियों के खिलाफ एक शिकायत दर्ज हुई थी। उसी मामले में कोर्ट के आदेश के बाद यहां छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार,
” एक बिल्डर के द्वारा खगौल थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया है कि ग्राम कोथवा में उनके द्वारा अपार्टमेन्ट निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। माननीय विधायक श्री रीतलाल यादव तथा उनके सहयोगियों द्वारा उनसे रंगदारी की मांग की गई है तथा जान से मारने की धमकी दी गई है।
प्राप्त आवेदन के आधार पर खगौल थाना में रंगदारी माँगने तथा संगठित अपराध की धाराओं में खगौल थाना कांड सं0-129/25, दिनांक-10.04.25,
धारा-308(5)/111(2)/111(3)/339/3(5) भा0न्या0सं0 विरुद्ध नामजद माननीय विधायक रीतलाल यादव अन्य के अंकित किया गया।
आज दिनांक 11.04.25 को माननीय न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर अंकित
काण्ड के मुख्य अभियुक्त माननीय विधायक श्री रीतलाल यादव के लगभग 11 ठिकानों पर छापामारी की गई। काण्ड अनुसंधान अन्तर्गत है। “
सूत्रों के अनुसार, रीतलाल यादव के आवास के अलावा बिहटा और अभियंता नगर (दानापुर) में भी छापेमारी की गई है। तलासी में क्या-क्या मिला इस पर पुलिस अधिकारी का कहना है- “छापेमारी में लगभग 10.5 लाख कैश, 77 लाख का ब्लैक चेक, 6 संदिग्ध ब्लैक चेक, 14 डीड और एग्रीमेंट, 17 चेक बुक, स्टांप पेपर, 6 पेन ड्राइव और एक वॉकी-टॉकी बरामद किया गया।” अब रीतलाल के केस में EOU की एंट्री हो सकती है।
आवास पर नहीं मिले रीतलाल यादव
बताया जाता है कि छापेमारी के लिए पुलिस आरजेडी विधायक के दानापुर स्थित आवास पर पहुंची तो आसपास के लोग हैरान रह गए। सैकड़ों की संख्या में पुलिस के साथ एसटीएफ भी थी। खुद पटना के एसएसपी भी पहुंचे थे। हालांकि, खबर निकलकर यह आ रही है कि पुलिस पहुंची तो विधायक रीतलाल यादव अपने आवास पर नहीं मिले।
रीतलाल यादव का विवादों से पुराना नाता
बता दें कि आरजेडी विधायक रीतलाल यादव को दबंग माना जाता है। उनका विवादों से पुराना नाता है। यह कोई पहली बार नहीं है जब विधायक के ठिकानों पर रेड हुई है। अभी कुछ दिनों पहले भी उनके यहां छापा पड़ा था। कहा जाए तो इलाके में आरजेडी विधायक की छवि दबंग नेताओं वाली है। इसे लालू यादव भी जानते हैं।
















