
राजद के वरिष्ठ एवं संघर्षशील नेता, बड़े भाई आदरणीय बागी कुमार वर्मा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। यह यकीन करना बेहद मुश्किल है कि हम सभी के प्रिय भाई, पूर्व मंत्री एवं कुर्था विधानसभा क्षेत्र से राजद के पूर्व विधायक रहे स्व० बागी वर्मा जी आज हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है।

दिवंगत बागी कुमार वर्मा जी ने दो बार मखदुमपुर विधानसभा एवं एक बार कुर्था विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनसेवा की मिसाल कायम की। खाद्य आपूर्ति मंत्री के रूप में भी उन्होंने जनता के हितों एवं सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूती प्रदान की। उनका पूरा राजनीतिक जीवन संघर्ष, सादगी एवं जनसमर्पण का प्रतीक रहा।

बड़े समाजवादी नेता, चतरा के पूर्व सांसद व वीपी सिंह की सरकार में ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रहे लोकरत्न उपेंद्र नाथ वर्मा जी के सुपुत्र थे। बागी कुमार वर्मा जी के पिता उपेंद्र नाथ वर्मा जी ने ही पत्थर तोड़नी वाली भगवतिया देवी को पहली बार लोहिया जी से मिलवाया व सोशलिस्ट पार्टी से टिकट देकर बाराचट्टी से विधायक बनाया था। अपने पिता की हीं भांति बागी जी समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति समर्पित थे। उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
आपके साथ 15 सालों का एक लंबा सफर और जुड़ाव रहा। आपकी सादगी, अपनापन और संघर्षशील व्यक्तित्व हमेशा स्मृतियों में जीवित रहेगा। बतौर अपने समाज के एक बड़े नेता के रूप में हमेशा लोगों की सेवा की और अपने व्यवहार से हर दिल में विशेष स्थान बनाया। आपका यूँ अचानक चले जाना व्यक्तिगत रूप से अपूरणीय क्षति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें। आप सदा अपने दोस्तों और चाहने वालों की यादों में जीवित रहेंगे।